![]()
जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी अनुनय झा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, कैश काउंटर, औषधि वितरण कक्ष, किचन और विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान सभी विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी-अपनी ओपीडी में मुस्तैद मिले और मरीजों का इलाज करते पाए गए। जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया, जो संतोषजनक मिला। कैश का कराया मिलान, मरीज को फोन कर ली जानकारी
निरीक्षण की शुरुआत जिलाधिकारी ने कैश काउंटर से की। वहां तैनात कर्मचारी हेमंत उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने सुबह से कटी रसीदों का मिलान कैश से कराया, जो बिल्कुल सही पाया गया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल से इलाज कराकर घर लौट चुके एक 7 वर्षीय बच्चे के परिजन को फोन मिला दिया और डॉक्टरों के व्यवहार व दवा मिलने की हकीकत जानी। कैंसर स्क्रीनिंग बढ़ाने और काउंटरों पर क्यूआर कोड लगाने के निर्देश
एनसीडी स्क्रीनिंग कक्ष के निरीक्षण के दौरान आस्था प्रकाश और अर्चना त्यागी मौजूद मिलीं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ब्लड प्रेशर और शुगर के साथ-साथ ब्रेस्ट, सर्वाइकल और ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि गंभीर बीमारियों की समय से पहचान हो सके। इसके बाद आभा/रजिस्ट्रेशन काउंटर पर तैनात मो. सकलैन से जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी काउंटरों पर क्यूआर कोड (QR Code) उपलब्ध कराए जाएं ताकि मरीजों को डिजिटल भुगतान में कोई असुविधा न हो। भोजन की गुणवत्ता परखी, गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
अस्पताल की किचन और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के निरीक्षण में भोजन तैयार करने की प्रक्रिया और उसकी गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने भर्ती बच्चों की माताओं से भी बातचीत की। इसके बाद वे सर्जिकल वार्ड, बाल रोग विभाग के एचडीयू और थैलेसीमिया वार्ड पहुंचे। आईपीडी क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सीढ़ियों पर गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर सफाई सुनिश्चित की जाए। इस औचक निरीक्षण के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय, चिकित्सा अधीक्षक राजेंद्र कुमार सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
मुरादाबाद DM का अस्पताल निरीक्षण:अचानक अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी अनुनय झा, मरीजों से लिया फीडबैक