वेस्टर्न यूपी चैंबर की 81वीं वार्षिक-सभा में उद्योग समस्याएं उठीं:नई कार्यकारिणी के 11 सदस्य चुने गए, औद्योगिक प्लॉट फ्री-होल्ड करने की मांग


वेस्टर्न यू.पी. चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, मेरठ की 81वीं वार्षिक आम सभा चैंबर भवन, बेगम बाजार में हुई। बैठक में चैंबर की अगले तीन साल यानी 2026 से 2029 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें 11 सदस्यों को शामिल किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी मुख्य अतिथि रहे। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी विनीत अग्रवाल शारदा विशिष्ट अतिथि रहे। उद्योगपति एवं काउंसलर इंजी. मुनिश टंडन विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। नई कार्यकारिणी में 11 सदस्य नई कार्यकारिणी में अक्षय रस्तोगी, अजय प्रकाश मित्तल, अनिल जैन, गिरीश मोहन गुप्ता, जे.के. गुप्ता, कैलाश चंद्र बंसल, संजय कुमार जैन, संजय रस्तोगी, एस.पी. देशवाल, एस.पी. दादू और सुशील कुमार गुप्ता को शामिल किया गया। उद्योगों से जुड़ी कई मांगें रखीं बैठक में चैंबर अध्यक्ष डॉ. अनुभूषण जी ने मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के व्यापार और उद्योगों से जुड़ी कई समस्याएं सरकार के सामने रखीं। उन्होंने एमएसएमई उद्योगों के लिए सबवेंशन पॉलिसी में सुधार की मांग की। इसके साथ ही भूतल उपयोग से जुड़े नियमों को आसान करने की बात कही गई। चैंबर की ओर से लीज-होल्ड औद्योगिक भूखंडों को फ्री-होल्ड करने की मांग भी रखी गई। गंगा एक्सप्रेसवे औद्योगिक कॉरिडोर में 500 से 1000 वर्ग मीटर के छोटे भूखंड उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि छोटे और मध्यम उद्योग भी वहां अपना काम शुरू कर सकें। श्रम कानून और बिजली विभाग का मुद्दा भी उठा बैठक में नए श्रम कानूनों को जमीन पर लागू करने में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों का मुद्दा भी उठाया गया। उद्यमियों ने इनके व्यावहारिक क्रियान्वयन की मांग की। इसके अलावा बिजली विभाग में सिंगल विंडो हेडक्वार्टर बनाने की मांग रखी गई, जिससे उद्योगों से जुड़े बिजली के मामलों का समाधान एक ही जगह से हो सके। राज्यमंत्री ने समाधान का आश्वासन दिया राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने चैंबर की ऐतिहासिक भूमिका की सराहना की। उन्होंने उद्यमियों की ओर से रखी गई समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन जे.पी. अग्रवाल ने किया। चैंबर के सचिव कपिल गहलोत ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्षेत्र के सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो रहा है। प्रक्रिया के तहत प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा और पात्र उद्यमियों को काम करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। गंगा एक्सप्रेसवे, ग्रीन एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे जैसी परियोजनाओं से प्रदेश को फायदा मिला है। सैनी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और सोतीगंज में वाहनों के कटान के अवैध कारोबार पर भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग और व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। मेरठ में नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन की मांग पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। शारदा के बयान पर सैनी ने कहा कि विनीत शारदा उनके बड़े भाई हैं और वे पार्टी के लिए ईमानदारी से काम करते हैं। उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अधिकार है। सैनी ने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को उचित स्तर पर उठाते रहेंगे। सेंट्रल मार्केट मुद्दे पर बोले विनीत शारदा भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट समेत व्यापारियों से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सम्मान करते हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और देश की दिशा बदली है। लेकिन मेरठ के व्यापारियों की परेशानी देखकर वे दुखी हैं। शारदा ने कहा कि वे पिछले 16 वर्षों से भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसलिए व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकारों ने व्यापारियों के मान-सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए काम किया है, लेकिन शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट का मामला गंभीर है। उन्होंने कहा कि जो व्यापारी 30, 40, 50 और 60 वर्षों से छोटी दुकान या घर में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं, उन्हें बचाना सरकार की जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री से कई बार मिल चुके हैं और दोबारा भी मिलने जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि व्यापारियों के हित में कार्रवाई नहीं रुकती और बुलडोजर की कार्रवाई आगे बढ़ती है तो वे अपने स्तर पर फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि उनका अगला कदम क्या होगा, यह आने वाला वक्त बताएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *