जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दो लोगों की मौत:अज्ञात वाहन ने बाइक सवार राजमिस्त्री व साथी को मारी टक्कर


जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार दिन रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार राजमिस्त्री सहित दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा गोहन थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 213 के पास ग्राम मड़ोरा-मड़ोरी के बीच सर्विस रोड पर देर रात हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम करतलापुर निवासी मकान निर्माण का काम करने वाला राजमिस्त्री मुन्ना और उसका साथी कृपाशंकर बुधवार रात करीब 9 बजे ग्राम औरेखी से काम खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजमिस्त्री मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कृपाशंकर को अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचते ही उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां दोनों के शव देखकर चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, जिससे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना पर पहुंची गोहन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी सतीश कुशवाहा ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *