MMMTU की पूर्व छात्रा सेजल ने इस्तांबुल में लहराया परचम:92.5 किलो वजन उठाकर एशियन चैंपियनशिप में जीता सिल्वर


मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा सेजल गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोरखपुर का नाम रोशन किया है। तुर्कि के इस्तांबुल में आयोजित एशियन बेंच प्रेस चैंपियनशिप में सेजल ने 92.5 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता। प्रतियोगिता का आयोजन 24 सितंबर को हुआ था। एशियाई स्तर की इस प्रतियोगिता में पदक जीतकर सेजल ने अपने खेल करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तीन प्रतियोगिताओं में लगातार बढ़ाया वजन सेजल के प्रदर्शन में पिछले एक साल में लगातार सुधार देखने को मिला है। अक्टूबर 2025 में उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 72.5 किलोग्राम वजन उठाया था। इसके बाद जनवरी 2026 में उन्होंने 87.5 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीता। अब एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने 92.5 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। इस तरह करीब एक साल में सेजल ने अपने बेंच प्रेस प्रदर्शन में 20 किलोग्राम का सुधार किया है। पहले राष्ट्रीय स्तर पर जीता था रजत सेजल ने 14 से 18 अक्टूबर 2025 तक गोवा के वास्को द गामा में आयोजित 33वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर्स बेंच प्रेस चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। उन्होंने 63 किलोग्राम जूनियर वर्ग में 72.5 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता था। इसके बाद 7 से 11 जनवरी 2026 तक फरीदाबाद, हरियाणा में आयोजित 34वीं राष्ट्रीय बेंच प्रेस चैंपियनशिप में सेजल ने अपने प्रदर्शन को और बेहतर किया। उन्होंने 63 किलोग्राम जूनियर वर्ग में 87.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी बढ़ाया गौरव राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद सेजल को एशियन चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। इस्तांबुल में उन्होंने 92.5 किलोग्राम वजन उठाया और रजत पदक हासिल किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने यह भी दिखाया कि राष्ट्रीय स्तर के बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उनका प्रदर्शन लगातार मजबूत हो रहा है। सेजल ने वर्ष 2026 में एमएमएमयूटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के साथ खेल में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया है। कुलपति ने दी बधाई एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर एमएमएमयूटी की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने सेजल गुप्ता को बधाई दी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सेजल के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्र क्रियाकलाप परिषद के अध्यक्ष प्रो. बीके पांडेय और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. संजय मिश्रा ने भी सेजल को बधाई दी। विश्वविद्यालय परिवार ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *