अखिलेश को अपनी पार्टी देखनी चाहिए- आशीष पटेल:ललितपुर में संगठन मजबूत करने और NDA प्रत्याशी जिताने पर चर्चा


अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में प्राविधिक शिक्षा व उपभोक्ता मामलों के मंत्री आशीष पटेल गुरुवार को ललितपुर पहुंचे। उन्होंने यहां अपना दल (एस) के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और एनडीए प्रत्याशी को कैसे जिताया जाए, इस पर चर्चा हुई। मंत्री आशीष पटेल ने अखिलेश यादव के बयान पर भी जवाब दिया। अखिलेश ने कहा था कि अपना दल (एस) को कम सीटें मिलेंगी। इस पर पटेल ने कहा कि अखिलेश यादव को अपनी पार्टी देखनी चाहिए, दूसरों की पार्टी क्यों देख रहे हैं। एनडीए से गठबंधन तोड़ने के सवाल पर उन्होंने साफ किया कि अपना दल 2012 से लगातार एनडीए का हिस्सा है और सियासी रूप से उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्हें ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं है। विधानसभा चुनाव में कितनी सीटों पर लड़ेंगे, इस सवाल पर आशीष पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी का हमेशा से एक ही मत रहा है। उनके लिए सीटों की संख्या मायने नहीं रखती, बल्कि जो सीट लड़ें उसे जीतना महत्वपूर्ण है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद से मुलाकात पर उन्होंने कहा कि संजय निषाद उनके मित्र हैं और उन्हें कोई दर्द है, जिसकी दवा वे हर जगह ढूंढते हैं। पटेल ने कहा कि वे संजय निषाद को दर्द की दवा देने गए थे। कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने स्थानीय कल्याण सिंह सभागार में भी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और चुनाव जीतने की रणनीति पर चर्चा की। इस मौके पर अपना दल (एस) महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा, राज्य महिला आयोग की सदस्य और जिला अध्यक्ष मनोहर लाल पटेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। इससे पहले उन्होंने आजादपुरा स्थित मीडिया प्रभारी सोहन पटेल के आवास पर भी मुलाकात की, जहां उनका स्वागत किया गया। इसके अलावा, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जिला पंचायत के प्रशासक कैलाश निरंजन ने भी मंत्री आशीष पटेल से मुलाकात की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *