मुरादाबाद में फायर ऑडिट अभियान:7 प्रतिष्ठानों में जांची सुरक्षा व्यवस्था, आग से बचाव उपकरणों के दिए निर्देश


मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से गुरुवार को जिले में विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश के अनुपालन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में स्कीम नंबर-05 के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी अग्निशमन केंद्रों के प्रभारियों ने जिले के होटल, कैफे, रेस्टोरेंट, गेमिंग जोन, ब्यूटी पार्लर और सैलून आदि प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली गई। अभियान के तहत कुल सात स्थानों पर फायर ऑडिट किया गया, जबकि 46 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान संस्थान संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के आवश्यक उपायों, सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने होटल संचालकों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। साथ ही आपात स्थिति में कर्मचारियों और ग्राहकों की सुरक्षित निकासी के लिए आवश्यक इंतजाम रखने पर जोर दिया गया। अभियान के दौरान होटल महेश, एमजीआर होटल, होटल मानसरोवर पैराडाइज, होटल हाइप, काशीपुर रोड स्थित बार्बीकान पिज्जा रेस्टोरेंट, मूंढापांडे थाना क्षेत्र स्थित होटल रनवे हाईवे अड्डा और रामपुर रोड स्थित आरके होटल का निरीक्षण किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही आग से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *