सचिन राघव प्रकरण में फिर भड़काऊ पोस्ट:अलीगढ़ में पुलिस की निगरानी जारी, अब गभाना में दिल्ली एयरपोर्ट कर्मचारी पर FIR दर्ज


सचिन राघव प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार हो रही भड़काऊ बयानबाजी पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में गभाना थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति सचिन राघव के समर्थन में गाली-गलौज करते हुए आपत्तिजनक और भड़काऊ बातें करता दिखाई दे रहा था। जांच में उसकी पहचान आनंद शर्मा पुत्र देवकी शर्मा, निवासी गांव रुस्तमपुर ढोला उर्फ चिरकुला, थाना गभाना के रूप में हुई।
सीओ गभाना महेश कुमार के मुताबिक आनंद शर्मा दिल्ली एयरपोर्ट पर नौकरी करता है और वहीं से सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो प्रसारित कर बयानबाजी किए जाने की जानकारी सामने आई है। वीडियो में अभद्र भाषा और गाली-गलौज के साथ ऐसी बातें कही गईं, जिनसे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल इसका संज्ञान लेकर जांच शुरू की।
जांच के बाद FIR, अन्य अकाउंट भी निशाने पर
गभाना पुलिस ने जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सचिन राघव प्रकरण के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो, पोस्ट और अन्य सामग्री की भी पुलिस निगरानी कर रही है। पुलिस की टीम अन्य सोशल मीडिया अकाउंटों को भी चिन्हित कर रही है, जिनसे आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित की जा रही है।
पुलिस की अपील- पोस्ट करने से पहले रखें सावधानी
पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया या सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह की भड़काऊ बयानबाजी, आपत्तिजनक टिप्पणी अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधि से बचें। पुलिस ने भ्रामक और असत्य सूचनाओं को आगे प्रसारित न करने की भी अपील की है।
सचिन राघव से मारपीट की घटना के बाद बढ़ी बयानबाजी सचिन राघव के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद सोशल मीडिया पर इस प्रकरण को लेकर लगातार बयानबाजी और पोस्ट सामने आ रहे हैं। पुलिस पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि मामले से जुड़े सोशल मीडिया कंटेंट पर नजर रखी जा रही है। अब गभाना में दर्ज नया मुकदमा इसी निगरानी और कार्रवाई की कड़ी माना जा रहा है। पुलिस अन्य ऐसे अकाउंट और वीडियो भी चिन्हित कर रही है, जिनमें आपत्तिजनक, अभद्र या भड़काऊ सामग्री प्रसारित की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *