आगरा सराय ख़्वाजा ओवरब्रिज पर मंगलवार रात 12 बजे सवारियों से भरी बस हाइट गेज और डेस्टिनेशन बोर्ड में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और हाइट गेज और डेस्टिनेशन बोर्ड धराशायी हो गए।
.
इससे बस में बैठी सवारियां फंस गई। हादसे होने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बचाव कार्य चलाया। इसके बाद कुछ ही देर में सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। मामला थाना शाहगंज क्षेत्र के खेरिया मोड़ पुलिस चौकी का है।

जहां बस टकराई उस जगह भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित का बोर्ड लगा हुआ है।
जिस जगह हादसा हुआ है, उससे आगे रेलवे ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक का बोर्ड लगा रखा है। इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही नहीं रुक रही है। बताया जा रहा है कि हाइट गेज को हादसे से महज 24 घंटे पहले ही लगाया गया था।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बस हाइट गेज और डेस्टिनेशन बोर्ड में जा टकराई, जिससे वो धराशायी हो गए
रात करीब 12 बजे तेज आवाज के साथ बस हाइट गेज से टकरा गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई यात्री चोटिल नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, बोर्ड अभी नया लगा है और डेली सर्विस की बस है। चालक को अंदाजा नहीं लग पाया कि पहले यहां हाइट गेज नहीं था।
लोगों का कहना है कि रात में नींद आने और नया बोर्ड दिखाई न देने के कारण हादसा हुआ हो सकता है। मौके से कुछ दूरी पर ही पुलिस चौकी होने के कारण पुलिस तुरंत पहुंच गई, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। पुलिस ने बस को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।