![]()
अमरोहा के कैलसा रोड स्थित जीपीएस एकेडमी भजनपुरी में 28वीं जनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता 2026 की शुरुआत हुई। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा और राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा के प्रधानाचार्य निशांत यादव ने दीप जलाकर किया। इसमें जनपद के सभी संकुलों की टीमों ने उत्साह से हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा दिखाई। मंगलवार दोपहर दो बजे तक चले रोमांचक मैचों के बाद नतीजे घोषित किए गए। सीनियर बालिका वर्ग के फाइनल में संकुल गजरौला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। इसमें संकुल धनौरा दूसरे स्थान पर रहा। जूनियर बालिका वर्ग में नारंगपुर संकुल ने शानदार प्रदर्शन कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि संकुल अमरोहा दूसरे स्थान पर रहा। सब-जूनियर बालिका वर्ग के फाइनल में संकुल धनौरा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। संकुल बादशाहपुर इस वर्ग में उपविजेता रहा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने के लिए दीपा देवल, सविता, वीर सिंह और अनुज शर्मा चयनकर्ता के तौर पर मौजूद रहे। मैच को निष्पक्ष कराने के लिए मनेंद्र यादव, गौरव शर्मा, सुमित यादव, राजदीप सिरोही, मनीष त्यागी, लोकेश चौधरी, शिवकुमार, राजबीर सिंह, शिवम त्रिपाठी और मोहम्मद शाह आलम ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल से शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना भी सीखने को मिलती है। इस मौके पर जिला खेल सचिव विजय सिंह, क्रीड़ा प्रभारी सुरेंद्र सिंह और जीपीएस एकेडमी के प्रधानाचार्य समेत कई खास लोग, शिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आखिर में विजेताओं को सम्मानित कर कार्यक्रम खत्म हुआ।
Source link
अमरोहा में 28वीं जनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता:गजरौला और धनौरा की टीमों ने जीते खिताब