ज्ञानवापी सुरक्षा ड्यूटी में महिला आरक्षी से मारपीट:मां-बेटी ने की हाथापाई, आईडी कार्ड लेकर भागीं


ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात महिला आरक्षी के साथ दर्शन करने आई मां-बेटी द्वारा गाली-गलौज, मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चेकिंग के दौरान विवाद बढ़ने पर दोनों महिलाओं ने महिला आरक्षी के बाल खींचे और उसके साथ हाथापाई की। इसी दौरान आरक्षी का आईडी कार्ड भी टूट गया और मां-बेटी उसे लेकर वहां से चली गईं। बाद में आरक्षी ने अपना आईडी कार्ड बरामद कर लिया। मामले में महिला आरक्षी ने चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। अब जानिए क्या है पूरा मामला पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, महिला आरक्षी चांदनी आमदा थाना चौक में नियुक्त हैं और वर्तमान में ज्ञानवापी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं। रविवार 20 सितंबर को उनकी ड्यूटी सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक पश्चिमी डी गेट पर लगी थी। दोपहर करीब 12:45 बजे दो महिलाएं दर्शन के लिए पहुंचीं। चेकिंग के दौरान उनके पास मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने की बात सामने आई। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों ने दोनों को सामान जमा करने के बाद आगे जाने के लिए कहा। कुछ देर बाद दोनों महिलाएं दोबारा दर्शन के लिए पहुंचीं। उस समय महिला आरक्षी रीना उनकी चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान बेटी की किसी बात को लेकर महिला आरक्षी रीना से कहासुनी हो गई। आरोप है कि मां-बेटी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आवाज सुनकर आरक्षी चांदनी वहां पहुंचीं और दोनों महिलाओं से दर्शन करने तथा विवाद या बहस नहीं करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद दोनों महिलाएं महिला आरक्षी रीना की तरफ दौड़ीं। चांदनी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो दोनों ने उनका हाथ पकड़ लिया। तहरीर में कहा गया है कि इसी दौरान बेटी ने महिला आरक्षी के आईडी कार्ड का पट्टा खींच दिया, जिससे आईडी कार्ड टूट गया। आरोप है कि इसके बाद महिला आईडी कार्ड लेकर वहां से भागने लगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी एसीपी अतुल अंजान ने कहा – मामला संज्ञान में आया था दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला आरक्षी से भी पूरी जानकारी लेंकर जांच की जा रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *