सीतापुर में पूर्व प्रधानाचार्य पर छात्रों के गंभीर आरोप:पॉलिटेक्निक छात्रों का डीएम ऑफिस पर प्रदर्शन, पूर्व प्रधानाचार्य पर नशे में अभद्रता का आरोप


सीतापुर के एलिया विकासखंड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान के छात्रों ने पूर्व प्रधानाचार्य हरिओम वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोमवार रात करीब 8:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। छात्रों का आरोप है कि स्थानांतरण के बावजूद पूर्व प्रधानाचार्य सरकारी आवास में रह रहे हैं और नशे की हालत में हॉस्टल व संस्थान परिसर में पहुंचकर छात्रों से अभद्रता करते हैं। छात्रों की शिकायत के मुताबिक, 19 सितंबर की शाम करीब 5 बजे वे संस्थान के मैदान में वॉलीबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान हरिओम वर्मा के वहां पहुंचने और नशे की हालत में छात्रों से गाली-गलौज व अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। छात्रों ने कहा कि उन्हें डराया-धमकाया गया और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं। छात्र आकाश यादव ने आरोप लगाया कि इससे पहले सेमेस्टर परीक्षा के दौरान भी एक छात्र के साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में थाने में शिकायत किए जाने की बात भी उन्होंने कही। स्थानांतरण के बाद भी परिसर में आने का आरोप छात्रों का कहना है कि हरिओम वर्मा का स्थानांतरण 30 मई को हो चुका है, इसके बावजूद वह सरकारी आवास में रह रहे हैं और हॉस्टल में आते हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि समस्याओं की शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचने पर भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। साथ ही अंक काटने की धमकी दिए जाने का भी दावा किया गया है। छात्रों के मुताबिक, वर्तमान में कविता त्रिपाठी प्रभारी प्रधानाचार्य के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। पानी-बिजली की समस्या भी उठाई प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हॉस्टल में पानी और बिजली की समस्या का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कई बार दो-दो दिन तक पानी की आपूर्ति नहीं होती। छात्रों ने सोलर पैनल, वाटर प्यूरीफायर, नियमित सफाई और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। आकाश यादव ने प्रशासन से पूर्व प्रधानाचार्य को संस्थान परिसर से हटाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। डीएम ने 24 घंटे में समाधान का दिया भरोसा कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद डीएम ने पांच छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। डीएम ने छात्रों को 24 घंटे में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्र वापस लौट गए। मामले में डीएम ने सीडीओ को जांच के निर्देश दिए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *