अस्पताल से बुर्के में फरार महिला बंदी का बेटा गिरफ्तार:बरेली पुलिस ने दबोचा, मां और दूसरा बेटा अभी फरार


बरेली में जिला अस्पताल से बुर्का पहनकर फरार हुई महिला बंदी ममता के मामले में पुलिस ने उसके बेटे विशाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, विशाल अपनी मां को अस्पताल से भगाने में शामिल था। उसे चौपुला पुल के नीचे से पकड़ा गया, जब वह शहर से बाहर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। ममता और उसका दूसरा बेटा केशव अभी फरार हैं। यह घटना 2 सितंबर की है। केंद्रीय कारागार-2 में बंद ममता पत्नी पप्पू को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी निगरानी के लिए महिला पुलिसकर्मी नूतन सिसौदिया और रिंकी की ड्यूटी लगाई गई थी। शाम करीब 6:35 बजे ममता नहाने की बात कहकर बाथरूम में गई। कुछ देर बाद बुर्का पहने एक महिला बाहर निकली, जिसे पुलिसकर्मियों ने दूसरी महिला समझा। शक होने पर बाथरूम की जांच की गई तो ममता वहां नहीं मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दौरान ममता के दोनों बेटे विशाल और केशव उससे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। केशव अपने साथ बुर्का लेकर आया था। ममता ने बुर्के को कपड़ों में छिपा लिया और बाथरूम में जाकर पहन लिया। इसके बाद उसने पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और अस्पताल से बाहर निकल गई। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि विशाल चौपुला पुल के नीचे एक पिलर की आड़ में खड़ा है। वह शहर छोड़ने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। टीम ने सुबह करीब 9:05 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विशाल ने मां को भगाने में मदद करने की बात कबूल की। हालांकि, उसने ममता के मौजूदा ठिकाने की जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 263 और 3(5) जोड़ी है। विशाल को कोर्ट में पेश किया गया, जबकि ममता और केशव की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *