बरेली में सेवा संकल्प अभियान:पीएम मोदी पर होगा नाट्य मंचन, स्कूल कॉलेज पंचायतों में प्रस्तुतियां होंगी


बरेली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विशेष नाट्य मंचन का आयोजन करने जा रही है। रविवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में इस भव्य नाट्य प्रस्तुति ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ की रूपरेखा साझा की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि इस नाटक के माध्यम से पीएम मोदी के राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण, जनकल्याणकारी नीतियों और सुशासन से आए बदलावों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें उनके गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक के सफर को जीवंत संवाद, अभिनय और संगीत के जरिए मंच पर साकार किया जाएगा, ताकि अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँचे। महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बताया कि यह अभियान जन-जन तक सुशासन का संदेश पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। जिले भर में स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर इन नाटकों के मंचन का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे व्यापक स्तर पर जनसंवाद स्थापित हो सके। इस दौरान नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिला मीडिया प्रभारी अंकित माहेश्वरी, महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर, अंकित शुक्ला, प्रभु दयाल लोधी, संजय चौहान, विष्णु शर्मा, राहुल साहू और डॉ. निर्भय गुर्जर सहित प्रमुख पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *