![]()
शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से महिला के साथ 11 वर्षीय बेटी और 15 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में परिजनों ने युवकों पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, घर से नकदी और जेवर भी गायब हैं। बन्नादेवी में मां-बेटी लापता बन्नादेवी थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर से एक महिला अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला के पति ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मकान में किराये पर रहने वाला बीरेश उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गया है। उसके साथ 11 वर्षीय बेटी भी है। पति के मुताबिक, पांच सितंबर की मध्यरात्रि बीरेश अपने भाई गोविंद और मां सुनीता के साथ उसकी पत्नी और बेटी को लेकर चला गया। इसके बाद घर से उसकी मां के सोने-चांदी के आभूषण और प्लाट खरीदने के लिए रखे दो लाख रुपये भी गायब मिले। काफी तलाश के बाद भी मां-बेटी का पता नहीं चला। दोनों के मोबाइल नंबर भी बंद हैं। आशंका जताई कि उसकी बेटी को कहीं बेच दिया जा सकता है। उसका कहना है कि बेटी ने बड़ी बहन के मोबाइल पर फोन कर बात करने का प्रयास किया था, लेकिन पीछे से किसी व्यक्ति ने फोन छीन लिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सासनीगेट से 15 वर्षीय किशोरी गायब दूसरा मामला सासनीगेट थाना क्षेत्र का है। यहां 15 वर्षीय किशोरी नौ सितंबर की रात करीब आठ बजे घर से सामान लेने की बात कहकर निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों के मुताबिक, घर की अलमारी में किस्त जमा करने के लिए रखे एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर भी गायब मिले। किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मोहल्ले का जतिन पुत्र कालीचरन उनकी बेटी के संपर्क में था। आरोप है कि जतिन ने अपने मां-बाप की मदद से किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा लिया। सासनीगेट एसओ उपेंद्र मलिक ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी और आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।
Source link
अलीगढ़ में मां-बेटी समेत दो किशोरियां लापता:बन्नादेवी में महिला और 11 वर्षीय बेटी गायब, सासनीगेट में किशोरी लापता