यूजीसी रोलबैक की मांग पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प:गांधी पार्क में धरने के बाद जिला मुख्यालय की ओर बढ़े, चार थानों का फोर्स तैनात


फिरोजाबाद में रविवार को यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के विरोध में सवर्ण समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। वे यूजीसी रोलबैक की मांग कर रहे थे। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के बुलावे पर बड़ी संख्या में लोग गांधी पार्क में जमा हुए और महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे भी लगाए। धरने के बाद प्रदर्शनकारी जिला मुख्यालय की तरफ पदयात्रा निकालने लगे। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। हालात को देखते हुए मौके पर चार थानों का पुलिस बल बुलाया गया। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद पुलिस अधिकारियों और बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर रखी। प्रदर्शन के दौरान गांधी पार्क इलाके में लगी एक रेलिंग टूट गई। रेलिंग टूटने से खून बहने की खबर के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी के घायल होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा और स्थिति को काबू करने के साथ-साथ प्रदर्शनकारियों को तय रास्ते से आगे बढ़ाने की कार्रवाई जारी रही। एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के नेतृत्व में यूजीसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है। उनके द्वारा राष्ट्रपति के संबोधित ज्ञापन दिया गया है जो राष्ट्रपति तक पहुंचा दिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *