![]()
संभल में एक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। बाइक में पेट्रोल डलवाने जाते समय पीतल नगरी डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजे ने अलीगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह हादसा शनिवार सुबह 8 बजे संभल जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर गांव बाघऊ के पास हुआ। मृतकों की पहचान गुन्नौर के नंदरौली गांव के रहने वाले रजनेश (26) पुत्र रामवीर और बुलंदशहर जिले के नरौरा थाना क्षेत्र के बैलोन गांव के रहने वाले 12 साल के देव पुत्र वीरेश के रूप में हुई है। रजनेश का 3 साल का बेटा भूरा भी बाइक पर था, जिसे मामूली चोटें आई हैं। देखें, 2 तस्वीरें… मृतक भांजा देव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह अपने नाना के घर बबराला कस्बे की लोहिया कॉलोनी में रहकर लोहिया कॉन्वेंट स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। मामा-भांजे की मौत से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद रजनेश का अंतिम संस्कार राजघाट गंगा पर किया गया, जबकि देव का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया गया। रजनेश अपने पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि मृतक के भाई रविंद्र की शिकायत पर पीतल नगरी डिपो की रोडवेज बस (UP 38 AT 0509) के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामा का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन परिजनों ने देव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था।
Source link
संभल में सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौत:रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था