अरुणेश प्रताप सिंह | अम्बेडकरनगर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा सत्र 2027-28 के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 29 सितंबर कर दी गई है। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 16 सितंबर तय की गई थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पात्र विद्यार्थियों के ज्यादा से ज्यादा आवेदन कराएं।
एनएमएमएस परीक्षा 1 नवंबर को तय परीक्षा केंद्रों पर होगी। सामान्य छात्रों के लिए परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। दिव्यांग छात्रों को एक घंटा ज्यादा समय मिलेगा, जिससे उनकी परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इस परीक्षा के लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी।
सत्र 2026-27 में कक्षा 8 में सरकारी, अशासकीय सहायता प्राप्त या स्थानीय निकाय/परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए सत्र 2025-26 में कक्षा 7 की परीक्षा कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना जरूरी है। एससी-एसटी वर्ग के छात्रों को कम से कम अंकों में पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। अभिभावक की कुल सालाना आय 3.50 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पं. दीनदयाल राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र इस परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे।
भारत सरकार ने उत्तर प्रदेश के लिए 15,143 छात्रवृत्ति सीटें तय की हैं। मेरिट के आधार पर चुने गए छात्रों को कक्षा 9 से 12 तक नियमों के हिसाब से हर महीने 1 हजार रुपये, यानी सालाना 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के होशियार छात्रों के लिए यह एक अच्छा मौका है। उन्होंने प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों और एआरपी को निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों और अभिभावकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें और तय समय में आवेदन पूरे कराएं। ऑनलाइन आवेदन और पूरी जानकारी www.entdata.co.in पर उपलब्ध है।
