![]()
मुजफ्फरनगर में फुगाना थाना क्षेत्र के खरड़ गांव में 80 वर्षीय जयसिंह कश्यप की हत्या के बाद राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप शुक्रवार शाम करीब 5 बजे पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग व न्याय का भरोसा दिलाया। राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को हत्याकांड की जांच में तेजी लाने और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए राज्यमंत्री ने अपने निजी कोष से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके साथ ही शासन स्तर से अनुमन्य आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि हत्याकांड के मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। राज्यमंत्री ने कहा कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। दो दिन के भीतर शेष आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। दोषियों को नहीं बख्शने की बात नरेंद्र कश्यप ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रत्येक आरोपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच में किसी निर्दोष को परेशान न किया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए।
राज्यमंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध करने की बात भी कही। उन्होंने परिजनों को सुरक्षा और जरूरत के अनुसार हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। साथ ही अधिकारियों से मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
Source link
बुजुर्ग हत्याकांड पर मंत्री नरेंद्र कश्यप परिजनों से मिले:निजी कोष से 50 हजार की मदद, बोले- दो दिन में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी करें