![]()
हरि गोपाल धाम पीठ में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी हर्याचार्य महाराज की 18वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में मनाई गई। जगदगुरु स्वामी हर्याचार्य महाराज के शिष्य जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य महाराज के संयोजन में आयोजित पुण्यतिथि समारोह में रामनगरी के संत-महंतों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। संतों ने स्वामी हर्याचार्य महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति श्रद्धा प्रकट की। श्रीरामवल्लभाकुंज के प्रमुख और राम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य स्वामी राजकुमार दास ने कहा कि भगवत भजन को जीवन का आधार बनाकर उन्होंने रामानंद संप्रदाय की आध्यात्मिक चेतना को देशभर में विस्तार दिया। उनकी तपोस्थली हरि गोपाल धाम पीठ आज भी उनकी साधना, सरलता और संतत्व की गवाही दे रही है। स्वामी राजकुमार दास ने कहा कि अयोध्या की संत परंपरा केवल आध्यात्मिक साधना की धरोहर नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और लोकसेवा की जीवंत परंपरा भी है। इसी गौरवशाली परंपरा में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी हर्याचार्य महाराज का नाम श्रद्धा के साथ लिया जाता है। जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य महाराज ने कहा कि गुरुदेव भगवान सरलता और संतत्व की प्रतिमूर्ति थे। उनका संपूर्ण जीवन भजन, साधना, सेवा और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित रहा। वे शिष्यों को सदैव सेवा और धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते थे। उनके व्यक्तित्व में साधना की गहराई के साथ सहजता और विनम्रता का अद्भुत समन्वय था।उन्होंने कहा कि संत का शरीर भले ही पंचतत्व में विलीन हो जाए, लेकिन उसके विचार और संस्कार सदैव समाज का मार्गदर्शन करते हैं। स्वामी हर्याचार्य महाराज की पुण्य स्मृतियां आज भी संत समाज और उनके शिष्य समूह को धर्म, सेवा और साधना के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। समारोह में मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नारायण दास, दशरथ महल के महंत बिंदुगद्याचार्य स्वामी देवेंद्रप्रसादाचार्य, महंत अवधेश दास, नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास, जगदगुरु अर्जुनद्वाराचार्य कृपालु रामभूषण देवाचार्य, महामंडलेश्वर आशुतोष दास, डॉ. महेश दास और राजेश पहलवान सहित अनेक संत-महंत मौजूद रहे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह, अयोध्या के पूर्व सांसद लल्लू सिंह,अयोध्या विधायक वेद गुप्ता, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि आलोक सिंह, पूर्व विधायक तेज नारायण पांडे पवन,समेत हजारों संतों, महंतों और श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर स्वामी हर्याचार्य महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
Source link
जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी हर्याचार्य महाराज की 18वीं पुण्यतिथि मनी:रामदिनेशाचार्य महाराज बोले- गुरुदेव का जीवन भजन, साधना, सेवा में समर्पित था