प्रसूता की मौत पर स्टाफ नर्स पर कार्रवाई:सीतापुर में प्रसव के बाद बिगड़ी थी हालत, परिजनों ने रेफर करने से किया था मना


सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को PHC कमलापुर में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत के मामले में जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार शाम को कार्रवाई की संस्तुति की है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सिधौली और एसीएमओ की संयुक्त टीम ने प्रकरण की जांच की। जांच में बच्चा होने के बाद महिला के उपचार में स्टाफ नर्स बेबी वर्मा की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई है। समिति ने उनके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक/दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। डीएम ने सीएमओ को जांच आख्या के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामला भानपुर मजरा मंगूपुर निवासी संजीत की पत्नी रामश्री (29) की मौत से जुड़ा है। संजीत के अनुसार पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर 14 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे कमलापुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। रात करीब नौ बजे प्रसव हुआ और नवजात का जन्म हुआ। परिजनों के मुताबिक बच्चा सुरक्षित है। आरोप है कि प्रसव के बाद रामश्री की हालत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्स बेबी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में रातभर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों पर कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार न करने की बात कही थी। वहीं जांच समिति की रिपोर्ट में सामने आया कि प्रसव उपरांत महिला को उच्चतर केंद्र रेफर करने की सलाह दी गई थी। एंबुलेंस और रेफरल लेटर दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई, लेकिन परिजनों ने इन्हें लेने से मना कर महिला को स्वयं ले जाने की बात कही। मामले में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया था। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *