![]()
आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र के बेलनगंज में रामबाबू पराठा वाले के पास बीच सड़क पर मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। एसीपी छत्ता ऑफिस से चंद कदम की दूरी पर हुई इस घटना में एक ठेकेदार और उसके मजदूरों द्वारा दो राहगीरों को पीटते हुए देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो बुधवार शाम करीब 5 बजे का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बेलनगंज बाजार में ठेकेदार और कुछ राहगीरों के बीच पहले कहासुनी हुई थी। मामूली बातचीत से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि 4 से 5 लोग दो युवकों को सड़क पर गिराकर पीट रहे हैं। इस दौरान एक महिला बीच-बचाव करती हुई भी दिखाई दे रही है, लेकिन दबंग लोग नहीं मान रहे हैं। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस मारपीट से अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने किसी तरह मामला शांत कराया। पूरी घटना किसी राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और सोशल मीडिया पर डाल दी, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो हड़कंप मच गया। एसीपी छत्ता ऑफिस के नजदीक इस तरह की दबंगई पर लोग भी सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान की जा रही है। छत्ता थाना पुलिस ने बताया कि वीडियो के आधार पर दबंग ठेकेदार को चिन्हित किया जा रहा है। पीड़ितों की तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुट गई है।
Source link
एसीपी ऑफिस के पास बीच-बाजार मारपीट; VIDEO:ठेकेदार ने मजदूरों के साथ राहगीरों को पीटा, पुलिस जांच में जुटी