![]()
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से कानपुर में एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत सेवा दिवस से होगी। पहले दिन शाम 7 बजे पूरे शहर में करीब 3 लाख दीये जलाकर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मोतीझील में 76 हजार दीये जलाए जाएंगे। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी मंदिरों, घाटों, अमृत सरोवरों, पार्कों, महाविद्यालयों पर दीपोत्सव होगा। दिव्यांगों को उपकरण, उर्सला में रक्तदान शिविर लगेगा सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री उच्च शिक्षा विभाग योगेंद्र उपाध्याय ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को नेहरू नगर में कानपुर ब्लाइंड स्कूल के दिव्यांगजनों को उपकरण बांटे जाएंगे। इसके अलावा उर्सला अस्पताल में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूल किट दी जाएगी और शाम 7 बजे पूरे जिले में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम होगा। 17 अक्टूबर तक चलेंगे कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा, नमो सेवा, अनकही कहानियां, नुक्कड़ नाटक, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा मेरा योगदान और सेवा के रंग, राष्ट्र के संग समेत कई कार्यक्रम होंगे। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सेवा के रंग, राष्ट्र के संग के तहत सामूहिक रंगोली बनाई जाएगी। 25 सितंबर को जिले की 111 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं 7 अक्टूबर को फूलबाग चौराहे पर सेवा कलश यात्रा निकाली जाएगी। सरकार आपके द्वार में छूटे लाभार्थियों की पहचान सेवा सेतु अभियान के तहत हर विकासखंड में सरकार आपके द्वार सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन पात्र लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जो अब तक योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई भी की जाएगी। सफाई, वृक्षारोपण से लेकर अंगदान तक वहीं सेवा मेरा योगदान के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थान चिह्नित किए जाएंगे। यहां नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता अभियान, नदी घाटों की सफाई, सघन वृक्षारोपण, अंगदान संकल्प, नशा मुक्ति, डिजिटल साक्षरता और मतदाता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम होंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना और उसे सरकार की योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी लेना है। जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता लाभार्थियों व आम नागरिकों से संवाद करेंगे। काम करो और भाग जाओ वाली व्यवस्था बंद हो रही- प्रभारी मंत्री प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि अब ठेकेदारों की जिम्मेदारी केवल सड़क बनाने तक सीमित नहीं रहेगी। नई व्यवस्था में सड़क के निर्माण के साथ निश्चित अवधि तक उसके मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी ठेकेदार की होगी। इससे ठेकेदार बेहतर गुणवत्ता का काम करने के लिए जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में चली आ रही काम करो और भाग जाओ वाली व्यवस्था अब खत्म हो रही है। बरसात में सड़कों को नुकसान होना स्वाभाविक है। पानी और डामर एक-दूसरे के अनुकूल नहीं हैं। बारिश थमने के 10-15 दिन बाद सड़कों की मरम्मत शुरू कर दी जाएगी। समीक्षा बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, राहुल बच्चा सोनकर, सुरेंद्र मैथानी और सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई समेत जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों में ज्वाइंट सीपी विपिन ताडा, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ अभिनव जे. जैन, डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार और केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक सहित कई विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
Source link
PM मोदी का जन्मदिन:3 लाख दीयों से रोशन होगा कानपुर:मंत्री योगेंद्र उपाध्याय बोले- ठेकेदारों की भाग जाओ वाली व्यवस्था बंद हो रही