Muzaffarnagar Murder Case | Elderly Man Beaten To Death CCTV Evidence

वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मुज़फ़्फ़रनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के खरड़ गांव में 80 वर्षीय जय सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घर के बाहर बैठे बुजुर्ग पर लाठियों से हमला कर उनकी जान लेने के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। SSP संजय कुमार वर्मा ने बुधवार अपराह्न करीब 4 बजे जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

आपको बता दें कि जय सिंह हत्याकांड के बाद खरड़ गांव में जबरदस्त आक्रोश फैल गया था। बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया था। परिवार की मांग थी कि बुजुर्ग पर हमला करने वालों को गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी और काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया था।

इस मामले में सामने आए CCTV फुटेज ने पुलिस की जांच को अहम सुराग दिया। फुटेज में बुजुर्ग के साथ मारपीट की घटना कैद होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने इसी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

SSP के मुताबिक बच्चों के बीच किसी बात को लेकर हुई कहासुनी और गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ा था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद दबंगों ने घर के बाहर बैठे 80 वर्षीय जय सिंह को निशाना बनाया और उनके साथ लाठियों से मारपीट की। गंभीर चोटों के बाद उनकी हालत बिगड़ी और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। CCTV फुटेज समेत दूसरे साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बुजुर्ग पर हमला करने में कौन-कौन लोग शामिल थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *