![]()
रायबरेली में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही थी। मंगलवार को दौड़ के दौरान 10 अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत खराब हो गई। प्रतापगढ़ से आए ये अभ्यर्थी दौड़ते समय चक्कर आने और कमजोरी महसूस होने के बाद मैदान में गिर पड़े। इसके बाद भर्ती स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत हालात संभाले। अभ्यर्थियों को प्राथमिक इलाज के बाद रायबरेली जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। अस्पताल में भर्ती हुए अभ्यर्थियों के नाम आदित्य मिश्रा, अश्वनी विश्वकर्मा, प्रियांश शर्मा, संजय साहू, राहुल कोरी, आशीष सरोज, मो. सलाम खान, विष्णु मौर्य, शिव प्रताप पटेल और अभय सिंह यादव हैं। ये सभी प्रतापगढ़ जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। दौड़ के दौरान ही अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी। तेज धूप के कारण कई अभ्यर्थियों को चक्कर आए और कमजोरी महसूस हुई। इसके बाद उन्हें मेडिकल मदद दी गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने अभ्यर्थियों की जांच की और जरूरी इलाज किया। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, सभी को जरूरत के हिसाब से शुरुआती इलाज और ड्रिप लगाई गई है। फिलहाल सभी अभ्यर्थियों की हालत ठीक बताई जा रही है। होमगार्ड भर्ती के दौरान एक साथ 10 अभ्यर्थियों के अस्पताल पहुंचने से भर्ती स्थल पर स्वास्थ्य और मेडिकल व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह डॉक्टरों की जांच के बाद ही साफ होगी। अभी सभी अभ्यर्थी डॉक्टरों की देखरेख में हैं और जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
Source link
होमगार्ड भर्ती दौड़ में 10 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी:प्रतापगढ़ से आए थे सभी, रायबरेली जिला अस्पताल में चल रहा इलाज