![]()
जालौन में मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत सोमवार को परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झांसी राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में एआरटीओ प्रवर्तन जालौन राजेश कुमार और यात्रीकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर कई स्कूली वाहनों के चालान किए गए और एक वाहन को निरुद्ध किया गया। अधिकारियों ने बताया कि छात्राओं को स्कूल लाने-ले जाने वाले प्रत्येक वाहन में प्रशिक्षित महिला परिचर की मौजूदगी अनिवार्य है। महिला परिचर का पुलिस सत्यापन कराने के साथ उसका पूरा विवरण विद्यालय में सुरक्षित रखना होगा। अंतिम छात्रा के वाहन में रहने तक महिला परिचर की मौजूदगी भी जरूरी होगी। अभियान के तहत कालपी रोड स्थित एसआर पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा को लेकर कार्यशाला हुई। इसमें विद्यार्थियों, वाहन चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। विद्यालय प्रबंधक अशोक कुमार राठौर, प्रधानाचार्या और स्टाफ मौजूद रहा। परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। औचक जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहन के साथ संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सड़क सुरक्षा की शपथ:एसआर स्कूल में कार्यशाला आयोजित