![]()
कानपुर की यातायात व्यवस्था को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को सांसद सेवा केंद्र में जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, ट्रैफिक सिग्नल, ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन और व्यस्त मार्गों पर बढ़ते वाहनों के दबाव समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में डीसीपी यातायात रविन्द्र कुमार भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की यातायात संबंधी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और उनके समाधान के लिए सुझाव दिए। ‘जाम से स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर मरीज तक परेशान’
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर जैसे औद्योगिक महानगर में बेहतर यातायात व्यवस्था सिर्फ सुविधा का विषय नहीं है। इसका सीधा असर शहर के व्यापार, उद्योग और आम जनजीवन पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को आए दिन जाम से जूझना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चे, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मरीज और बुजुर्ग सभी इससे प्रभावित होते हैं। इसलिए यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की जरूरत है। जनप्रतिनिधियों ने बताए जाम के प्रमुख कारण
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अलग-अलग इलाकों में जाम की स्थिति और उसके कारणों को सामने रखा। जैसे-
प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव
सड़क किनारे अवैध पार्किंग
अतिक्रमण
खराब या अव्यवस्थित ट्रैफिक सिग्नल
ई-रिक्शा और अन्य वाहनों का अनियंत्रित संचालन
व्यस्त मार्गों पर बढ़ता वाहनों का दबाव DCP ट्रैफिक ने कहा- सुझावों पर प्राथमिकता से होगा काम
जनप्रतिनिधियों के सुझाव सुनने के बाद DCP ट्रैफिक रविन्द्र कुमार ने कहा कि बैठक में सामने आए सुझाव व्यावहारिक और उपयोगी हैं। यातायात पुलिस इन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत होगी, वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा सांसद बोले- कागजी योजनाओं से नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए कार्रवाई
सांसद रमेश अवस्थी ने DCP ट्रैफिक से कहा कि कानपुरवासियों को सुरक्षित, बेहतर और सुगम यातायात सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल कागजी योजनाओं से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि उसका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। सांसद ने प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात पुलिस की प्रभावी मौजूदगी, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तथा यातायात संचालन को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों और पुलिस विभाग के बीच लगातार संवाद होना चाहिए, ताकि स्थानीय समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके। इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दे शासन स्तर पर उठेंगे
सांसद ने कहा कि जिन समस्याओं के समाधान के लिए सड़क, पार्किंग या अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत है, उन्हें संबंधित विभागों और शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। बैठक में विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता मणिकांत जैन समेत अन्य जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link
जाम और यातायात की समस्या पर सांसद ने की बैठक:जनप्रतिनिधियों से जाना ट्रैफिक का हाल, बोले-कागजी योजनाओं से नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए कार्रवाई