बार एसोसिएशन की बैठक में 5 सदस्यीय टीम का प्रस्ताव:चुनाव तक वित्तीय व प्रशासनिक काम एल्डर्स कमेटी देखे; हाईकोर्ट में कल सुनवाई


सुल्तानपुर में जिला बार एसोसिएशन के वर्ष 2026-27 के चुनाव में रुकावट के बाद सोमवार को अधिवक्ता संघ भवन में एक साधारण सभा की बैठक हुई। इसमें एसोसिएशन के वित्तीय और प्रशासनिक कामों के लिए पांच सदस्यीय टीम बनाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही मांग की गई कि चुनाव होने तक इन कामों की निगरानी एल्डर्स कमेटी करे। बैठक की अध्यक्षता एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दुबे ने की, जबकि संचालन सदस्य सूर्य प्रकाश पांडेय ने किया। वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा ने सुझाव दिया कि चुनाव होने तक एसोसिएशन के वित्तीय और प्रशासनिक कामों के लिए पांच सदस्यीय टीम बनाई जाए। उन्होंने कहा कि इस टीम के कामों की निगरानी एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन करेंगे, ताकि बार के काम बिना किसी रुकावट के चलते रहें।
वकीलों ने मतगणना में हुए बवाल की निंदा भी की। बैठक में पूर्व अध्यक्ष करुणाशंकर दुबे, नरेंद्र बहादुर सिंह, नरोत्तम शुक्ल, राय साहब सिंह, राजकुमार सिंह, रोहित अवस्थी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे। इस बीच, पुलिस ने डिवीआर गायब होने के मामले में अज्ञात पर केस दर्ज किया है। गौरतलब है कि बार एसोसिएशन का चुनाव बीते 9 सितंबर को हुआ था। 10 सितंबर को मतगणना के दौरान धांधली के आरोप लगे, जिसके बाद विवाद हो गया था। इसके चलते एल्डर्स कमेटी ने चुनाव रद्द कर दिया था और इसकी जानकारी हाईकोर्ट, जिला जज व अन्य अधिकारियों को दी थी। चुनाव में धांधली की जानकारी मिलने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई थी। इस मामले में मंगलवार को हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। उधर प्रशासनिक कमरे के डीवीआर गायब होने के मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *