![]()
बांदा जिले के गिरवां इलाके में अवैध खनन, ओवरलोड वाहनों और क्रेशरों से उड़ने वाली धूल की समस्या पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी (डीएम) को शिकायत पत्र दिया है। उन्होंने इस पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने खनन से जुड़े बड़े वाहनों के आने-जाने पर रोक लगाने के लिए इलाके में ‘नो एंट्री’ लागू करने की भी मांग की है। शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में रात-दिन ओवरलोड ट्रक तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। ट्रकों में लदी गिट्टी और बालू सड़क पर गिरती रहती है, जिससे बाइक और दूसरे वाहनों के लिए हादसे का खतरा बना रहता है। भारी वाहनों के लगातार आने-जाने से नई बनी सड़कें भी खराब हो रही हैं और उनमें गड्ढे हो रहे हैं। खनन पर रोक लगाने की मांग ग्रामीणों ने पहाड़ों में हो रहे खनन और ब्लास्टिंग का भी विरोध किया है। उनका कहना है कि ब्लास्टिंग के कारण पहाड़ों में बने कई साल पुराने शिव मंदिर और हनुमान मंदिरों को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने मंदिरों, पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को बचाने के लिए खनन पर रोक लगाने की मांग की है। गिरवां इलाके में चल रहे क्रेशरों से उड़ने वाली धूल को लेकर भी ग्रामीणों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि दिन-रात उड़ने वाली धूल आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को परेशान कर रही है। इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ ही आसपास के किसानों की फसलों पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूरे मामले को ध्यान में लेने और ओवरलोड वाहनों, अवैध खनन व क्रेशरों से जुड़ी समस्याओं की जांच कराकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link
अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों से ग्रामीण परेशान:डीएम को शिकायत पत्र देकर रोक लगाने और नो एंट्री की मांग की