![]()
उन्नाव में सांसद साक्षी महाराज ने सोमवार सुबह गदनखेड़ा बाईपास स्थित अपने सांसद कार्यालय में जनता दरबार लगाया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से उनके समाधान को लेकर बात की। इस दौरान उन्होंने विपक्षी गठबंधन, भाजपा की चुनावी तैयारी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भविष्य और बाढ़ पीड़ितों की मदद को लेकर अपनी बात रखी। साक्षी महाराज ने कहा कि भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है। इस बार पार्टी का लक्ष्य 300 से ज्यादा सीटें जीतना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में कौन-कौन से दल या नेता साथ आते हैं, इससे भाजपा की चुनावी तैयारी पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। विपक्षी दलों के गठबंधन से भाजपा को होने वाले नुकसान के सवाल पर साक्षी महाराज ने कहा कि हर राजनीतिक दल मजबूत सहयोगियों के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी करता है। भाजपा भी पूरी तैयारी के साथ चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सामने अखिलेश यादव, असदुद्दीन ओवैसी, मायावती, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी या कोई और नेता हो, भाजपा इसकी परवाह किए बिना चुनाव लड़ेगी। उनका दावा है कि इस बार पार्टी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। अमित शाह समेत संगठन ने संभाली चुनाव की कमान साक्षी महाराज ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन ने चुनाव की जिम्मेदारी संभाल ली है। पार्टी नेतृत्व की ओर से जो निर्देश दिए जाएंगे, कार्यकर्ता उसी के अनुसार काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर लगातार तैयारी करती रहती है और संगठन स्तर पर भी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
योगी CM होंगे या नहीं, विधायक करेंगे फैसला मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ के भविष्य को लेकर सवाल पूछे जाने पर साक्षी महाराज ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला किसी एक व्यक्ति के हाथ में नहीं होता। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद चुने गए भाजपा विधायक लोकतांत्रिक तरीके से मुख्यमंत्री का फैसला करेंगे। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को लेकर उन्होंने कहा कि अगर पार्टी के विधायक और नेतृत्व सहमत होंगे तो योगी आदित्यनाथ ही मुख्यमंत्री होंगे। बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे सांसद बाढ़ पीड़ितों की मदद को लेकर साक्षी महाराज ने कहा कि बारिश का मौसम अब लगभग खत्म होने वाला है, लेकिन कई इलाकों में अभी भी बाढ़ के हालात बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और मौके पर जाकर पीड़ितों की स्थिति देखेंगे। सांसद ने कहा कि दौरे के दौरान पीड़ितों को मिल रही सहायता और मदद की व्यवस्था की जानकारी ली जाएगी। जरूरत के अनुसार प्रशासन को जरूरी निर्देश भी दिए जाएंगे, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।
Source link
साक्षी महाराज बोले- भाजपा इस बार 300 पार करेगी:उन्नाव में बोले- चुनाव के लिए तैयार भाजपा, योगी के CM बनने पर कहा- विधायक तय करेंगे