![]()
गाजीपुर में रविवार सुबह 4 बजे अज्ञात वाहन ने देवरानी-जेठानी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हवा में उछलकर सड़क से दूर जा गिरीं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सैदपुर-भीमापार मार्ग पर धिमरा की पाही गांव के पास की घटना। स्माइलपुर कोटीसा गांव निवासी खुशबू देवी (30) पत्नी प्रमोद कश्यप अपनी जेठानी कृति (35) पत्नी विनोद कश्यप के साथ सुबह शौच के लिए घर से निकली थीं। दोनों सैदपुर-भीमापार मार्ग पर धिमरा की पाही के पास पहुंची थीं। इसी दौरान सैदपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों महिलाएं उछलकर सड़क से दूर जा गिरीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों घायल महिलाओं को तत्काल सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद खुशबू देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कृति को प्राथमिक उपचार देने के बाद वाराणसी के हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। कृति की हालत गंभीर थी। उन्हें 108 एम्बुलेंस से वाराणसी ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान एम्बुलेंस में चढ़ाते समय कृति ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार की दोनों महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पति सगे भाई, दोनों करते हैं वाहन चलाने का काम खुशबू के पति प्रमोद और कृति के पति विनोद सगे भाई हैं। दोनों वाहन चलाने का काम करते हैं। हादसे के समय विनोद गांव में ही मौजूद थे। वहीं, खुशबू के पति प्रमोद इस समय मुंबई में हैं। हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है और वह घर के लिए निकल चुके हैं। खुशबू अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। उनके एक बच्चे की उम्र 7 साल और दूसरे की 5 साल है। वहीं, कृति की कोई संतान नहीं थी। एक ही घर की दो महिलाओं की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है।
Source link
गाजीपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से देवरानी-जेठानी की मौत:सुबह शौच के लिए निकली थीं दोनों, रास्ते मे तोड़ा दम