सैलून संचालक ने बुटीक संचालक के गले पर मारी कैंची:लखनऊ में गली के मोड़ पर बाइक रोककर हमला, सट्टा खिलाने की शिकायत से नाराज था


लखनऊ के विकासनगर के कन्हई लाल पुरवा सेक्टर-3 में सट्टा खिलाने की शिकायत करने से नाराज सैलून संचालक ने 52 साल के मुस्ताक अंसारी पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मुस्ताक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, कन्हई लाल पुरवा निवासी मुस्ताक अंसारी पत्नी नूरजहां और तीन बेटों के साथ रहते हैं। मोहल्ले में पंकज की महादेव क्लासिक सैलून के नाम से दुकान है। मुस्ताक के बेटे सुफियान का आरोप है कि पंकज सैलून में सट्टा खिलवाता है। इसे लेकर मुस्ताक और मोहल्ले के कुछ लोगों ने तीन दिन पहले विकासनगर थाने में शिकायत की थी। शिकायत से नाराज होकर दी थी धमकी
आरोप है कि शिकायत की जानकारी होने के बाद पंकज ने मुस्ताक को जान से मारने की धमकी दी थी। शुक्रवार शाम करीब छह बजे मुस्ताक घर से गली में जा रहे थे। इसी दौरान पंकज ने उन्हें रोककर कैंची से हमला कर दिया। ताबड़तोड़ वार से मुस्ताक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि तीन दिन पहले शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं की। अगर शिकायत पर कार्रवाई होती तो मुस्ताक पर हमला नहीं होता। हमले की खबर सुन भाभी की मौत
मुस्ताक पर हमले की खबर सुनकर उनकी भाभी शहरुन (55) की तबीयत बिगड़ गई। सुफियान के मुताबिक, शहरुन कैंसर से पीड़ित थीं। मुस्ताक पर हमले की जानकारी मिलने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विकासनगर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *