![]()
अयोध्या जिले की रुदौली तहसील के पसैया गांव में बुधवार दोपहर सरयू नदी में नाना-नाती डूब गए। 15 वर्षीय शिवा को गहरे पानी में जाता देखकर उसके 55 वर्षीय नाना जगराम उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। तेज बहाव के कारण दोनों डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम ने तलाश शुरू की। करीब 16 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह घटनास्थल से करीब 10 फीट दूर जगराम का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, शिवा का अभी तक पता नहीं चला है। SDRF की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही है। नाती को डूबता देख बचाने पहुंचे थे नाना पसैया सण्डरी निवासी जगराम बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अपनी बेटी के बेटे शिवा के साथ सरयू बांध के पास भैंस नहलाने गए थे। नहाने के दौरान शिवा अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देखकर जगराम उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों नदी में डूब गए। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम ने नाव और गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की। देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे घटनास्थल से महज 10 फीट की दूरी पर जगराम का शव मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवा को नानी के साथ जाना था हैदराबाद शिवा की मां राजकुमारी, निवासी ईदगाह रुदौली ने बताया कि वह रक्षाबंधन पर बेटे शिवा के साथ अपने मायके पसैया आई थीं। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। बुधवार को शिवा को नानी के साथ हैदराबाद जाना था। इससे पहले वह नाना के साथ नदी पर चला गया और हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। वहीं शिवा के नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। विधायक ने दिया मदद का भरोसा उप जिलाधिकारी रुदौली विनोद कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ सुबह से घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। बुधवार रात विधायक रामचंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। SDRF की टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और 15 वर्षीय शिवा की तलाश की जा रही है।
Source link
अयोध्या में सरयू में डूबे नाना-नाती का शव बरामद:भैंस नहलाने गए थे, नाती को बचाने उतरे नाना की भी जान गई