![]()
सिद्धार्थनगर के उसका बाजार थाना क्षेत्र के छोटी ऊंचहरिया गांव में बुधवार को पुश्तैनी जमीन पर मकान बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। निर्माण कार्य के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। विवाद रामदेव विश्वकर्मा और तौलन विश्वकर्मा के परिवारों के बीच पुश्तैनी जमीन पर मकान निर्माण को लेकर हुआ। मारपीट में रामदेव पक्ष से किसलावती, रामसुंदर और रामसागर गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इसी पक्ष के वंशराज और वसुंधरा को भी चोटें आई हैं।
दूसरे पक्ष से तौलन विश्वकर्मा और उनकी पत्नी सरस्वती घायल हुए हैं। दोनों के सिर में चोट लगी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। रामदेव पक्ष का आरोप है कि जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका था। इसके बावजूद तौलन पक्ष उनकी ओर निर्माण करा रहा था। निर्माण रोकने को लेकर विवाद हुआ और मारपीट में उनके पक्ष के लोग घायल हुए।
वहीं, तौलन पक्ष का कहना है कि वे बंटवारे में मिली जमीन पर ही मकान बना रहे थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने निर्माण कार्य रोकने की कोशिश की और मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पुश्तैनी जमीन पर मकान बनाने को लेकर विवाद, सात घायल:सिद्धार्थनगर में निर्माण कार्य के दौरान हुआ विवाद, तीन मेडिकल कॉलेज रेफर