![]()
मेरठ की रोहटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कॉपर-टी लगवाने पहुंची महिला से 500 रुपए लेने का मामला सामने आया है। महिला ने करीब डेढ़ महीने पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मेरठ को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद जिस नर्स पर पैसे लेने का आरोप लगाया गया, उसने अन्य स्टाफ के साथ मिलकर फोन पर महिला पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। महिला का कहना है कि सीएमओ कार्यालय से भी शिकायत के संबंध में एक बार फोन आया, लेकिन इसके बाद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला अनुराधा, पत्नी बंटी कुमार, निवासी छपना तहसील खुर्जा, जिला बुलंदशहर ने शिकायत में बताया कि वह अपने मायके गांव अरनावली, ब्लॉक रोहटा आई हुई थी। वह अपने पति के साथ सीएचसी रोहटा में कॉपर-टी लगवाने पहुंची थी। महिला के अनुसार वहां सरिता नाम की नर्स ने उससे 500 रुपए लिए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सफाई कर्मचारी से सफाई कराने के बाद ही उसे पर्ची दी गई। महिला ने शिकायत में बताया था कि उसने अपनी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी कही, लेकिन इसके बावजूद उससे कुल 500 रुपए लिए गए। अब महिला का आरोप है कि शिकायत करने के बाद संबंधित नर्स और कुछ अन्य स्टाफ फोन कर उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। महिला के मुताबिक उसे पैसा वापस लेने और शिकायत खत्म करने के लिए कहा जा रहा है। महिला का कहना है कि सीएमओ कार्यालय से एक बार फोन आने के बाद मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। डेढ़ महीने से कार्रवाई का इंतजार महिला ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कराकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही शिकायत के बाद दबाव बनाए जाने की भी जांच कराने की मांग की है।
Source link
सीएचसी रोहटा में 500 रुपए लेने की शिकायत,:डेढ़ माह बाद भी कार्रवाई नहीं, पैसा वापस लेकर केस खत्म करने का ओडियाे