![]()
बलिया के जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ला ने बुधवार को सतीश चंद्र कॉलेज का दौरा किया। कॉलेज पहुंचने पर प्रथम कुलानुशासक कक्ष में प्रो. देवेंद्र सिंह ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्राचार्य प्रो. बैकुंठ नाथ पांडेय ने कुलपति का अभिनंदन किया। कुलपति ने कॉलेज के प्राचार्य, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने शैक्षणिक सुधार, पढ़ाई की गुणवत्ता और अकादमिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। कुलपति ने कक्षाओं में जाकर छात्रों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और समस्याओं पर भी बात की। उन्होंने छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राचार्य और शिक्षकों को जरूरी निर्देश दिए। कुलपति ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों को नई शिक्षा नीति और भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुसार छात्रों में ज्ञान, कौशल, संस्कार और प्रतिभा विकसित करनी चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा का मकसद सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि छात्रों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण भी है। कुलपति ने छात्रों से अनुशासन, राष्ट्रबोध और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया जैसे विभिन्न माध्यम आज छात्रों के विचारों और व्यक्तित्व को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और विवेक का विकास भी जरूरी है। उन्होंने छात्रों से अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने और विकसित भारत बनाने में अहम भूमिका निभाने का आह्वान किया। डॉ. सनद सिंह ने कहा कि कुलपति के कॉलेज आकर छात्रों से सीधा संवाद करने से कॉलेज परिवार में नई ऊर्जा और उत्साह आया है। उन्होंने कुलपति का आभार जताया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेज उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और छात्र निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे।
Source link
बलिया में कुलपति सतीश चंद कॉलेज पहुंचे:प्राचार्य, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर ली जानकारी