हजारा नहर की तेज धारा के ऊपर सेल्फी-रील का जुनून:कासगंज में रेलिंग पार कर पहुंच रहे लोग, बच्चों की जान भी खतरे में


कासगंज के ततारपुर स्थित हजारा नहर का पिकनिक पॉइंट लोगों के लिए खतरनाक बनता जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में लोग परिवार और बच्चों के साथ घूमने आते हैं, लेकिन कुछ लोग सेल्फी और रील बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। पिकनिक पॉइंट पर लोग नहर के खांचों के बीच लगी रेलिंग से नीचे उतरकर नहर के ऊपर बनी पटरियों तक पहुंच जाते हैं। इसके बाद वे तेज बहाव वाली नहर के बिल्कुल ऊपर खड़े होकर फोटो और सेल्फी लेते हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कई लोग छोटे-छोटे बच्चों को भी इन जोखिम भरे स्थानों पर लेकर पहुंच रहे हैं। नहर में पानी का बहाव तेज है। ऐसे में जरा सी चूक, पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने पर बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हजारा नहर में पहले भी कई शव मिल चुके हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए यहां पुलिस चौकी भी बनाई गई है। पुलिस द्वारा गश्त और ड्रोन से निगरानी भी की जाती है। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा का ध्यान रखें, रेलिंग पार कर नहर की पटरियों पर न जाएं और बच्चों को खतरनाक जगहों से दूर रखें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *