बिजनौर में बुलडोजर के सामने आए लोग:नाला बनाने के लिए घर के बाहर बने रैंप तोड़े गए, पुलिस ने शांत कराया


बिजनौर में पानी निकासी के लिए नाला बनाने को लेकर साईं विहार और अनुपम विहार कॉलोनी के लोग आमने-सामने आ गए। साईं विहार में नाला खोदने के लिए जब बुलडोजर पहुंचा, तो अनुपम विहार के लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इससे दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत किया। फिलहाल, जेसीबी से घरों के बाहर बने रैंप तोड़ दिए गए हैं। दरअसल, मंगलवार को तहसील की टीम साईं विहार कॉलोनी में पानी निकासी के लिए नाला खोदने बुलडोजर लेकर पहुंची थी। घरों के बाहर बने रैंप तोड़े जाने पर साईं विहार कॉलोनी के लोगों ने विरोध जताया। इसके बाद अनुपम विहार कॉलोनी के लोगों ने अपनी कॉलोनी में पानी लेने का विरोध किया। अनुपम विहार की महिलाएं बुलडोजर के सामने आ गईं और अपने घरों के सामने बने रैंप तोड़ने का विरोध करने लगीं। कई महिलाएं सड़क पर कुर्सियां डालकर बैठ गईं और नाला निर्माण का विरोध किया। दोनों कॉलोनियों के लोगों की भीड़ जुटने से मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस को काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाना पड़ा। साईं विहार के लोगों का कहना है कि उनकी कॉलोनी में पानी निकलने की सही व्यवस्था नहीं है। बारिश के दौरान गलियों और आसपास के इलाकों में पानी भर जाता है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। उनका आरोप है कि अनुपम विहार के कुछ लोग नाला निर्माण में रुकावट डाल रहे हैं। वहीं, अनुपम विहार कॉलोनी के कपिल चौधरी, केपी सिंह, आशीष शर्मा, उदयवीर सिंह और जॉनी ने बताया कि उनकी कॉलोनी करीब 30 साल पुरानी और नियमित क्षेत्र से पास है। जबकि पहले साईं विहार कॉलोनी को अवैध घोषित कर बोर्ड लगा दिया था, जिसे बाद में मिलीभगत से हटा दिया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *