![]()
आगरा एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार से प्रदेशीय सब-जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज हो गया। खेल निदेशालय और यूपी फुटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में 7 से 14 सितंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 18 मंडलों के अलावा लखनऊ और सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज सहित कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने किया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा और आगरा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने बुके देकर उनका स्वागत किया। राजेश यादव ने बैज और पटका पहनाया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया और आशीर्वचन दिए। पहले दिन 6 मुकाबले, बरेली-प्रयागराज और बस्ती जीते
लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जा रही प्रतियोगिता में पहले दिन 6 मैच खेले गए। पहले मैच में बरेली ने मिर्जापुर को 4-1 से हराया। बरेली के लिए राघव ने 2, ईशान और देव ने 1-1 गोल किया। दूसरा मैच सबसे एकतरफा रहा, जिसमें वाराणसी ने झांसी को 12-0 से रौंद दिया। वाराणसी के तनुष पाल ने 4 गोल दागे। तीसरे मैच में प्रयागराज ने अयोध्या को 6-0 से शिकस्त दी। चौथे मैच में बस्ती ने सहारनपुर को 8-0 से हराया, आदित्य ने हैट्रिक लगाई। पांचवें मैच में आजमगढ़ ने देवीपाटन को 4-0 से हराया, जबकि दिन के आखिरी मैच में मेजबान आगरा मंडल ने चित्रकूट को 6-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। आगरा के हरमन सिंह ने 4 गोल किए। इस मौके पर पूर्व क्रीड़ाधिकारी एसएस चौहान, अंतरराष्ट्रीय रेफरी देवोजीत यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन हरदीप सिंह ने किया।
Source link
आगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेशीय सब-जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू:18 मंडलों की 20 टीमें ले रही हिस्सा, पहले दिन वाराणसी ने झांसी को 12-0 से रौंदा