![]()
कानपुर में बिठूर विधानसभा के बाढ़ प्रभावित गांवों में विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने राहत कार्यों का जायजा लिया। बिठूर विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और जनसेवा का अभियान लगातार जारी है। प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि जमीन पर डटे हुए हैं। इसी क्रम में रविवार (6 सितम्बर) को विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कल्याणपुर ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित ग्राम पतरसा और साधुपुरवा का दौरा किया। विधायक सांगा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर जमीनी स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पानी से घिरे घरों और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और उनकी बुनियादी आवश्यकताओं की जानकारी ली। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है और किसी भी चीज की कमी नहीं होने दी जाएगी। दौरे के दौरान विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने मौके से ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों तक भोजन, शुद्ध पेयजल, दवाइयां और अन्य आवश्यक राहत सामग्रियां प्राथमिकता के आधार पर तुरंत सुनिश्चित कराई जाएं। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में नावों की व्यवस्था और पशुओं के लिए चारे का प्रबंध करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान मौके पर ठा. विनय सिंह, डॉक्टर इंद्रेश कुमार सविता सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विधायक को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Source link
बिठूर में बाढ़ प्रभावित गांवों पहुंचे विधायक:राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया, भोजन पानी दवाइयों के निर्देश दिए