![]()
दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग सेंटर में हुए हादसे में छात्रों की मौत के बाद मथुरा में भी शोक का माहौल है। रविवार रात करीब 9 बजे यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने होली गेट पर इकट्ठा होकर कैंडल जलाए। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने कुछ देर मौन रखकर मृत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को हिम्मत देने की प्रार्थना की। इस दौरान वक्ताओं ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस घटना से कई परिवारों ने अपने होनहार बच्चों को खो दिया है। वक्ताओं ने कोचिंग सेंटरों की व्यवस्थाओं और प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुरानी इमारतों में नियमों को नजरअंदाज कर चलने वाले कोचिंग सेंटर और शिक्षण संस्थान छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। नक्शा पास कराने और एनओसी देने की प्रक्रिया में अगर लापरवाही या भ्रष्टाचार होता है, तो इसका नुकसान मासूम छात्रों को उठाना पड़ता है। वक्ताओं ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले युवा देश का भविष्य थे। इनमें से कोई आईएएस, डॉक्टर, वैज्ञानिक या देश का प्रधानमंत्री तक बन सकता था, लेकिन प्रशासन की लापरवाही से कई परिवारों के सपने टूट गए। एक अन्य वक्ता ने कहा कि 20-21 वर्ष की उम्र में युवा बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर दिल्ली पहुंचे थे। उनके परिवारों ने भी बच्चों के अच्छे भविष्य के सपने देखे थे, लेकिन हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। पीड़ित परिवारों का दर्द समझना मुश्किल है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। कैंडल मार्च के दौरान सभी ने मृत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
Source link
NSUI-यूथ कांग्रेस ने दिल्ली हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि दी:कैंडल मार्च निकाला, प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए