मथुरा में स्कॉर्पियो ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर:पिता-पुत्र की मौत, दो घायल; जयपुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम


मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। शनिवार रात करीब 11 बजे टाउनशिप स्थित मंगल बाजार कट सर्विस रोड पर एक गुजरात नंबर की स्कॉर्पियो ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल पिता और उनके पांच-छह साल के बेटे की रविवार दोपहर करीब 3 जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। रिफाइनरी थाना प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि स्कॉर्पियो (वाहन संख्या GJ06RA6908) ने टाउनशिप कट सर्विस रोड पर बाइक सवार चार लोगों को टक्कर मारी थी। बाइक पर धौलपुर के बसेड़ी निवासी विजय सिंह, उनकी पत्नी सपना सिंह, 11 साल की बेटी खुशी और पांच-छह साल का बेटा अभी सवार थे। हादसे में चारों घायल हो गए थे। हादसे के बाद स्कॉर्पियो के मालिक सतीश चौधरी, जो रिफाइनरी टाउनशिप के रहने वाले हैं, घायलों को गोवर्धन अस्पताल, नवादा ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विजय सिंह और उनके बेटे अभी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। परिजन दोनों को इलाज के लिए जयपुर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस हादसे में घायल सपना सिंह और उनकी 11 साल की बेटी खुशी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घायलों के बारे में भी जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार की तरफ से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। सीओ प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई दिक्कत नहीं है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *