गोरखपुर में जाम से मिलेगी राहत:अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाई जा रही, ट्रैफिक लाइट भी दबाव के हिसाब से चलेंगी


गोरखपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। शहर में बढ़ती भीड़ और गाड़ियों के दबाव को देखते हुए नई रणनीति अपनाई जा रही है। मकसद है कि लोगों को चौराहों पर कम इंतजार करना पड़े और ट्रैफिक बिना रुकावट के चलता रहे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और हर प्रमुख जगह पर नजर रखी जा रही है। गोलघर, मोहद्दीपुर और छात्रसंघ जैसे व्यस्त चौराहों पर खास ध्यान दिया जा रहा है। इन जगहों पर अक्सर जाम लग जाता था। अब सड़क किनारे लगे ठेले, अवैध पार्किंग और ट्रैफिक में रुकावट डालने वाली चीजों को हटाया जा रहा है। इससे सड़कों पर जगह बढ़ेगी और गाड़ियों का आना-जाना पहले से आसान हो जाएगा। सुबह और शाम के समय, जब ट्रैफिक सबसे ज्यादा होता है, एसपी ट्रैफिक खुद चौराहों पर पहुंचकर हालात देख रहे हैं। वे यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि किस जगह और किस समय सबसे ज्यादा जाम लगता है, ताकि उसी हिसाब से सुधार किया जा सके। इससे ट्रैफिक व्यवस्था को जमीन पर बेहतर बनाने में मदद मिल रही है। शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी ट्रैफिक लाइट को अब ट्रैफिक के दबाव के हिसाब से चलाया जा रहा है। हर दिशा में गाड़ियों को बराबर समय मिले, इसका ध्यान रखा जा रहा है। इससे किसी एक सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं लगेगी और ट्रैफिक धीरे-धीरे ठीक से चलता रहेगा। एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गोरखपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा-चौराहों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है और ट्रैफिक लाइट को बेहतर तरीके से चलाया जा रहा है। व्यस्त समय में खुद निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि जहां भी समस्या है उसे तुरंत दूर किया जा सके। हमारा लक्ष्य है कि लोगों को जाम से राहत मिले और उनका सफर आसान बने। आम लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
इन सभी प्रयासों से आने वाले दिनों में गोरखपुर की ट्रैफिक व्यवस्था पहले से काफी बेहतर होने की उम्मीद है। चौराहों पर रुकने का समय कम होगा, जाम घटेगा और लोगों का रोज़ का सफर ज्यादा आसान और आरामदायक हो जाएगा। प्रशासन की यह पहल शहर को सुचारु और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *