![]()
सीतापुर में बुधवार को सरायन नदी में छलांग लगाने वाले 45 वर्षीय युवक का करीब 20 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। युवक की तलाश में पीएसी की फ्लड यूनिट टीम ने बुधवार देर रात तक अभियान चलाया। गुरुवार सुबह टीम ने एक बार फिर मोटर बोट के सहारे नहर में खोजबीन शुरू कर दी। नदियों और नहरों का जलस्तर बढ़ने के साथ तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टीम करीब दो से तीन किलोमीटर के दायरे में युवक की तलाश कर रही है। युवक का अब तक पता न चलने से पत्नी और दो बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मछली मंडी मोहल्ला निवासी दिनेश (45) पुत्र रामकिशन का बुधवार दोपहर करीब तीन बजे घर के पास से गुजर रही सरायन नदी के पुल से छलांग लगाने का मामला सामने आया था। बताया जाता है कि घर के अंदर पत्नी और उसके भाई के साथ किसी बात को लेकर दिनेश का विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से निकल गया और नदी के पुल पर पहुंचकर अचानक पानी में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद भी दिनेश का पता नहीं चल सका। इसके बाद पीएसी की फ्लड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। फ्लड यूनिट की टीम ने बुधवार देर रात तक मोटर बोट और अन्य संसाधनों के जरिए नदी में अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तेज बहाव को देखते हुए टीम पुल के आसपास से लेकर करीब दो से तीन किलोमीटर के क्षेत्र में लगातार तलाश कर रही है। इधर, 20 घंटे बीत जाने के बाद भी दिनेश का सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। परिवार के लोग लगातार नदी किनारे डटे हुए हैं और दिनेश के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Source link
नदी में कूदे युवक का 20-घंटे बाद भी सुराग नहीं:सीतापुर में पीएसी की फ्लड टीम 2 किमी दायरे में कर रही तलाश