मायावती ने आज बुलाई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक:2027 में होने वाले 5 राज्यों के चुनाव की तैयारियों की करेंगी समीक्षा, यूपी–पंजाब–उत्तराखंड पर फोकस


बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक लेंगी। सुबह 11 बजे से शुरु होने वाली इस बैठक में देश भर के अलग–अलग राज्यों के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, सहित अन्य सभी वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक का मुख्य फोकस 2027 में होने वाले यूपी, उत्तराखंड व पंजाब सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की जमीनी मजबूती और संभावित प्रत्याशियों के चयन पर रहेगा। मायावती पिछली बैठकों में दिए गए दिशा-निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट भी लेंगी। इनमें पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, आर्थिक मजबूती बढ़ाना और सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार का विस्तार करना प्रमुख है। समीक्षा के बाद पदाधिकारियों को आगामी चुनाव को लेकर नए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। कौन-कौन रहेगा मौजूद? बैठक में प्रदेश महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार, राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद के शामिल होने की बात कही जा रही है। मायावती की इस बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि बसपा ने 2027 चुनाव को लेकर पहले ही साफ कर दिया है कि वह किसी भी राज्य में गठबंधन नहीं करेंगी। गठबंधन से पार्टी के जनाधार व वोट में कमी आती है। 9 अक्टूबर के कार्यक्रम पर भी चर्चा मायावती इस बैठक में आगामी 9 अक्टूबर को कांशीराम महापरिनिर्वाण दिवस के कार्यक्रम पर भी चर्चा करेंगी। पिछली बार मायावती ने लखनऊ में 9 अक्टूबर को बड़ी रैली की थी। इस बार भी लखनऊ में बड़ा जमावड़ा होने जा रहा है। इसके अलावा पंजाब में बड़े स्तर पर कांशीराम की पूण्यतिथि मनाई जाएगी। कांशीराम पंजाब के ही मूलत: रहने वाले थे। इसके अलावा दूसरे राज्यों में भी कांशीराम की पूण्यतिथि मनाई जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *