![]()
रायबरेली में लगातार बारिश के कारण मुंशीगंज क्षेत्र से गुजरने वाली सई नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी का पानी तटवर्ती इलाकों में फैल गया है, जिससे मुंशीगंज से खरीजा तक पानी भर गया है। सबसे खराब हालात कदम पुल के आसपास हैं, जहां नदी का पानी पुल से सिर्फ एक हाथ नीचे बह रहा है। अगर जलस्तर थोड़ा और बढ़ा तो पुल पूरी तरह डूब जाएगा। मुंशीगंज शहीद स्मारक से रायबरेली को जोड़ने वाले कदम पुल के पास खड़ीनजा पर पानी भर गया है। इससे स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। राहगीर और बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर पार्क की ऊंची बाउंड्री पर चढ़कर रास्ता पार करने को मजबूर हैं। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चे जान जोखिम में डालते दिख रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल मानसून में सई नदी का जलस्तर बढ़ने से ऐसे ही हालात बनते हैं। इसके बावजूद प्रशासन कोई इंतजाम नहीं करता। पानी सड़क तक आ जाने के बाद भी सुरक्षा के लिए अभी तक कोई बैरिकेडिंग नहीं लगाई गई है। बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड न होने से पार्क में टहलने वाले लोग, आम नागरिक और बच्चे अनजाने में खतरे वाली जगह से आ जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द प्रभावित रास्ते पर बैरिकेडिंग लगाई जाए और सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी हादसे से बचा जा सके।
Source link
रायबरेली में सई नदी उफान पर, बच्चे बाउंड्री पर चढ़कर:मुंशीगंज में बाढ़ जैसे हालात, कदम पुल के पास पानी, सुरक्षा के इंतजाम नहीं