कारोबारी और महिला से 67.25 लाख रुपए की ठगी:शेयर बाजार में मुनाफा दिखाया तो महिला की एफडी तोड़कर निकाली रकम


साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर कारोबारी और महिला को निशाना बनाते हुए 67.25 लाख रुपये की ठगी कर ली। एक मामले में शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पीड़ित से करीब 48.70 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। वहीं, दूसरे मामले में बैंक अधिकारी बनकर किए गए फोन के बाद महिला के खाते से एफडी तोड़कर 18.55 लाख रुपये निकाल लिए गए। दोनों मामलों में साइबर पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। केस-1
दादरी निवासी संतोष सिंह पैकिंग सामग्री बनाने का कारोबार करते हैं। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी है कि उनके मोबाइल पर शेयर बाजार में निवेश से संबंधित वाट्सऐप संदेश भेजे गए थे। संदेशों में निवेश पर बेहतर मुनाफे का दावा किया गया। इसके बाद उन्हें एक ग्रुप में जोड़ा गया और एक वेबसाइट के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। आरोपियों के कहने पर संतोष ने छह जुलाई से 23 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों में रकम भेजी। खातों से कई बार आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से भुगतान किया। इस तरह कुल 48 लाख 70 हजार 136 रुपये संदिग्ध खातों में पहुंच गए। काफी रकम भेजने के बाद जब निवेश का अपेक्षित लाभ नहीं मिला तो उन्हें ठगी का शक हुआ। केस-2
दूसरे मामले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निवासी 58 साल की स्वप्ना बाग ने पुलिस से बताया कि 27 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे उनके पास एक बैंक के प्रतिनिधि के नाम से फोन आया। कॉल करने वाले ने बैंक खाते में संदिग्ध गतिविधियां होने की बात बताकर उनसे बातचीत की। इसके बाद उनके खाते से बिना अनुमति कई लेनदेन होने लगे। साइबर ठगों ने उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) तोड़कर रकम निकाल ली। इसके अलावा तनिष्क गिफ्ट वाउचर खरीदे गए और कई प्वाइंट ऑफ सेल व वर्चुअल डेबिट कार्ड के जरिये भी लेनदेन किया गया। महिला के खाते से कुल 18 लाख 55 हजार 867 रुपये निकाल लिए गए। घटना का पता चलने के बाद महिला ने बैंक को सूचना देकर खाते को सुरक्षित कराया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *