![]()
मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक महिला यात्री को 11.53 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5 लाख 75 हजार 500 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई 30 अगस्त को की गई। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पर संदिग्ध यात्रियों और वस्तुओं की नियमित चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जम्मूतवी एक्सप्रेस के बी-4 कोच में एक महिला ट्रॉली बैग लेकर यात्रा कर रही है, जिसमें संदिग्ध वस्तु होने की आशंका है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने ट्रेन के मिर्जापुर स्टेशन पहुंचने पर बी-4 कोच में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही महिला बाथरूम के पास से भागने का प्रयास करने लगी, जिसे महिला पुलिसकर्मी की मदद से तुरंत पकड़ लिया गया। पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान प्रीती गिरी (20) पुत्री अशोक गिरी, निवासी थाना जमालपुर के रूप में बताई। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, जिसमें खाकी रंग के टेप में लिपटे नौ बंडल मिले। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर इन बंडलों का कुल वजन 11.530 किलोग्राम पाया गया। पुलिस पूछताछ में प्रीती गिरी ने बताया कि वह यह गांजा संभलपुर, ओडिशा से लेकर आ रही थी। पुलिस ने बरामद गांजे और ट्रॉली बैग को जब्त कर लिया है। आरोपी महिला के खिलाफ जीआरपी मिर्जापुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी राजेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक नीरज कुमार ओझा, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी अखिलेश कुमार, हेड कांस्टेबल चंदन कुमार, कांस्टेबल अजय कुमार यादव, नरेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार यादव, आरपीएफ के कांस्टेबल प्रदीप पाल, महिला हेड कांस्टेबल गायत्री पासवान और महिला कांस्टेबल अनुपम यादव शामिल रहे।
Source link
मिर्जापुर में 11.53 किलो गांजे के साथ महिला गिरफ्तार:जम्मूतवी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी 20 वर्षीय आरोपी