दंगल में युवक को घेरकर मारी गोली, 5 पर FIR:मैनपुरी में पुरानी रंजिश में फायरिंग का आरोप, कमर को छूते हुए निकली गोली


मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के मिढ़ावली कलां गांव में दंगल के दौरान एक युवक को घेरकर गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली युवक की कमर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जिसमें हर्षित, राहुल, ऋषभ, लविश और अनेश को नामजद किया गया है। गांव निवासी शीलेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे उनका 32 वर्षीय बेटा राज चौहान अपने दोस्त शशिकांत के साथ गांव में आयोजित दंगल देखने गया था। दंगल में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। आरोप है कि दंगल के दौरान हर्षित, राहुल, ऋषभ, लविश और अनेश ने राज चौहान को घेर लिया। इसी दौरान हर्षित ने तमंचे से राज पर फायर कर दिया। गोली उसकी कमर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वहां से भाग निकले।
परिजन घायल राज को कुरावली थाने लेकर पहुंचे, जहां उसका मेडिकल कराया गया। राज के पिता शीलेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी उनके परिवार से पुरानी रंजिश रखते हैं। इसी रंजिश के चलते राज की हत्या करने की नीयत से उस पर गोली चलाई गई। घटना की सूचना पर सीओ कुरावली सच्चिदानंद सिंह और इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस पुरानी रंजिश, फायरिंग की वजह और वारदात में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *