प्रयागराज में गंगा-जी ने कराया लेटे हनुमान जी को स्नान:गर्भगृह में पहुंचा पानी, भव्य आरती के बाद बंद हुए मंदिर के कपाट, शयन अवस्था में गए बजरंगबली


प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। संगम स्थित प्रसिद्ध श्री लेटे हनुमान मंदिर में भी गंगा का पानी पहुंच गया। रविवार सुबह करीब 3:45 बजे गंगा का पानी मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गया। इसके साथ ही गंगा मां ने लेटे हनुमान जी को स्नान कराया। गर्भगृह में गंगा का पानी पहुंचते ही मंदिर परिसर में धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना शुरू हुई। ढोल-नगाड़ों के बीच गंगा मां के आगमन की भव्य आरती की गई। मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। आरती के बाद शयन अवस्था में गए बजरंगबली परंपरा के अनुसार गंगा का जल गर्भगृह तक पहुंचने के बाद श्री लेटे हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया गया। आरती और पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इसके बाद लेटे हनुमान जी शयन अवस्था में चले गए। मान्यता है कि हर साल जब गंगा का जलस्तर बढ़ता है और मां गंगा का पानी श्री लेटे हनुमान जी तक पहुंचता है, तो यह उनके स्नान का पवित्र अवसर माना जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी गंगा का पानी गर्भगृह तक पहुंचा। जलस्तर बढ़ने से संगम क्षेत्र में बढ़ी हलचल गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के चलते संगम क्षेत्र में भी हलचल बढ़ गई है। वहीं, श्री लेटे हनुमान मंदिर में गंगा के गर्भगृह तक पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं में भी धार्मिक उत्साह देखने को मिला। मंदिर में परंपरा के अनुसार सभी अनुष्ठान पूरे किए गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *