मुरादाबाद में लकड़ी का पुल टूटा, परिवार नदी में बहा:भाई को राखी बांधकर लौट रही थी महिला; पति और 2 बच्चों का रेस्क्यू,महिला की मौत


मुरादाबाद में गांगन नदी पर बने लकड़ी के अस्थाई पुल के अचानक टूट जाने से बाइक सवार फैमिली नदी में बह गई। घटना मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में गांगन नदी पर बने मलकद्दा के चट्टा पुल की है। स्थानीय गोताखोरों ने बाइक सवार युवक और उसके दो बच्चों को तो रेस्क्यू कर लिया, लेकिन उसकी पत्नी और तीसरा बच्चा तेज बहाव में बह गए। करीब 2 घंटे के रेस्क्यू के बाद महिला की डेडबॉडी मिली है, जबकि बच्चा अभी भी लापता है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। हादसा शुक्रवार को देर शाम करीब 7:30 बजे का है। स्थानीय गोताखोरों ने नदी में गिरे अनिल और उनके बेटे केशव व बेटी काफिया को नदी से बाहर निकाल लिया। जबकि महिला किरन और दंपती का तीसरा बच्चा प्रियांशु पानी के तेज बहाव में बह गए हैं।

छजलैट के गांव महमूदपुर निवासी अनिल पेशे से मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी किरन, बेटा प्रियांशु, केशव और छोटी बेटी काफिया है। रक्षाबंधन के पर्व पर अनिल अपनी पत्नी किरन व बच्चों को लेकर कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव में नानपुर में ससुराल गए थे। भाई को राखी बांधने के बाद किरन अपने पति व बच्चों के साथ शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक से मायके से ससुराल के लिए निकली थीं। बाइक सवार ये फैमिली जैसे ही मझोला थाना क्षेत्र में गांगन नदी स्थित मलकद्दा पुल पर पहुंचे तो लकड़ी के बने पुल की तीन लकड़ियां अचानक टूटी गईं। जिससे इनकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। देखते ही देखते बाइक समेत पूरा परिवार गागन नदी में जाकर गिरा। हादसे के वक्त उधर से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ी तो दौड़कर मदद के लिए मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से अनिल और उनके दो बच्चों काफिया और केशव को बाहर निकाला। जबकि किरन और प्रियांशु नदी में तेज बहाव के साथ बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पास के गांव मलकद्दा से पुलिस ने गोताखोरों को बुला लिया। गोताखोरों की टीम ने मां -बेटे की तलाश शुरू कर दी। अंधेरा हो जाने के चलते रेस्क्यू अभियान में दिक्कत आ रही है। टॉर्च की रोशनी में करीब दो घंटे की तलाश के बाद महिला किरन को गोताखोरों ने तलाश लिया। महिला को जिला अस्पताल भेजा लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की तलाश में टीमें लगी हुई हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *